शेर और खरगोश की कहानी

शेर और खरगोश की कहानी

एक जंगल में एक घमंडी व शैतान शेर रहता था और वह खुद को जंगल का राजा कहता था। वह शैतान शेर रोजाना जंगल के जानवरों को मारता था ताकि वह उन्हें खा सके। यह देखकर जंगल के सभी जानवर डरे हुए और चिंतित थे। जंगल के सभी जानवर सोचने लगे कि यदि वह घमंडी शेर लगातार ऐसा करता रहेगा तो जंगल में एक भी जानवर नहीं बचेगा। इसलिए सभी जानवरों ने शेर से कहा कि वह जंगल के सभी जानवरों को ऐसे न मारे। उन्होंने कहा कि हर दिन वे एक जानवर उसकी गुफा में भेज देंगे ताकि सभी जानवर निश्चिंत होकर रह सकें और ऐसे में शेर को शिकार भी नहीं करना पड़ेगा। शेर को यह योजना बहुत अच्छी लगी। इस तरह से उस दिन के लिए बाकी के जानवर शांति से रहने लगे और एक-एक करके बाकी के जानवर उस शैतान शेर का भोजन बनने लगे। बेचारे जानवर करते भी क्या? ऐसा कई दिनों तक चलता रहा। एक दिन एक चालाक खरगोश की बारी आई और उसे भी जबरदस्ती शेर के पास जाना पड़ा। खरगोश ने सोच लिया था कि वह उस शेर का अंत कर देगा। इसलिए उस खरगोश ने जंगल का लंबा रास्ता अपनाया और शेर तक बहुत देरी से पहुँचा। 

भूखा शेर गुस्से में लाल था और उसने दहाड़ते हुए खरगोश से पूछा कि वह देर से क्यों आया है। खरगोश ने कहा कि उसे देर इसलिए हो गई क्योंकि रास्ते में उसके पीछे एक खूंखार सा शेर पीछे पड़ गया था और उसे खा जाना चाहता था। खरगोश ने यह भी कहा कि वह शेर खुद को जंगल का राजा कहता है। जब भूखे शेर ने यह बात सुनी तो उसे बहुत गुस्सा आया। भूखे शेर ने खरगोश से पूछा कि वह दूसरा शेर कहाँ था। तब खरगोश भूखे शेर को एक कुएं के पास लाया और कुएं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वह दूसरा शेर इसके अंदर है। 

जब भूखे शेर ने कुएं में देखा तो उसे पानी में अपनी ही छवि दिखाई दी पर भूखे शेर ने सोचा कि यही वह शेर है जो खुद को जंगल का राजा कहता है। शेर ने गुस्से में दहाड़ा तो उसकी छवि भी उसके जैसा कर रही थी। यह देखकर भूखे शेर को और ज्यादा गुस्सा आ गया और वह बिना कुछ सोचे समझे दूसरे शेर को मारने के लिए कुएं में कूद गया। उसे लगा कि वह उस शेर को मार देगा पर कुएं में तो सिर्फ उसकी छवि ही थी और इस प्रकार से अपनी ही बेवकूफी के कारण शेर मर गया। इस कहानी से यह सीख मिलती है कि शारीरिक बल से ज्यादा बुद्धि होना जरूरी है।Lion Looking into Well

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बच्चों की पसंद

घूरे के फूफा🤣

कथा रसिक राजा